Skip to content

dharmendra was not he man he was a sensitive actor in satyakam anupama and bandini


धर्मेंद्र को ‘हीमैन’ की छवि में बांधना शायद उन अभिनेता के साथ अन्याय होगा जो कभी ‘सत्यकाम’ के सिद्धांतवादी सत्यप्रिय था तो कभी अपनी कैदी से मूक प्रेम कर बैठा ‘बंदिनी’ का डॉक्टर अशोक तो कभी ‘अनुपमा’ को साहस देने वाला प्रेमी।
वहीं उनके यादगार किरदारों में ‘चुपके चुपके’ के प्रोफेसर परिमल त्रिपाठी या प्यारेमोहन इलाहाबादी को कौन भूल सकता है। धर्मेंद्र का जिक्र सिर्फ शराब पीकर पानी की टंकी पर चढकर बसंती की मौसी से नाराजगी जताने वाले वीरू या ‘ कुत्ते मैं तेरा खून पी जाऊंगा’ कहते नायक के रूप में करना अभिनय में संवेदनशीलता की असाधारण मिसाल देने वाले उनके कई अमर किरदारों के साथ ज्यादती होगी।

इसे भी पढ़ें: बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र पंचतत्व में विलीन, पीछे छोड़ी देओल परिवार की अनमोल सिनेमाई विरासत


अस्सी के दशक के ‘ही मैन’ मार्का किरदारों से इतर साठ सत्तर के दशक में धर्मेंद्र ने बिमल रॉय और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे निर्देशकों के साथ भावप्रणव अभिनय की छाप छोड़ी थी।
बिमल रॉय की 1963 में आई ‘बंदिनी’ में कैदी नायिका (नूतन) से प्रेम कर बैठे जेल के डॉक्टर अशोक का किरदार सभी का मन मोह ले गया था। अशोक कुमार और नूतन जैसे दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद धर्मेंद्र ने अपनी संक्षिप्त लेकिन दमदार भूमिका से सभी का ध्यान खींचा।

इसे भी पढ़ें: धर्मेंद्र के निधन पर PM Modi का मार्मिक ट्वीट: भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत, अनगिनत दिलों पर राज करने वाले ‘ही-मैन’ को दी श्रद्धांजलि


इसके बाद 1966 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली ऋषिकेश मुखर्जी की ‘अनुपमा’ में उन्होंने अपनी स्पष्टवादिता के कारण बेरोजगार रहने वाले लेखक और शिक्षक अशोक की भूमिका निभाई जो नायिका अनुपमा (शर्मिला टैगोर) में आत्मविश्वास भरता है। संवाद कम थे लेकिन अभिव्यक्ति की ताकत और व्यक्तित्व की गरिमा ने उस किरदार को इतना लोकप्रिय बनाया कि आज तक सिनेप्रेमियों के जेहन में चस्पा है।


भारतीय सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी टाइमिंग की बात होगी तो उसमे 1975 में आई ऋषिकेश मुखर्जी की ‘चुपके चुपके’ में धर्मेंद्र के किरदार को हमेशा याद किया जायेगा।
अपनी पत्नी के हिन्दीप्रेमी जीजा को उन्हीं की जबां में सबक सिखाने के लिये बॉटनी के प्रोफेसर परिमल त्रिपाठी से ड्राइवर प्यारेमोहन बने धर्मेंद्र की सादगी, मासूमियत और संवाद अदायगी ने इस फिल्म को हर पीढी की पसंदीदा बना दिया।


के इर्द गिर्द बनी इस फ़िल्म में शुद्ध हिंदी बोलने का नाटक करने वाले धर्मेंद्र के संवाद सिनेप्रेमियों को आज तक याद हैं। वह ख़ुद को ड्राइवर नहीं वाहन चालक बताते हैं, हाथ धोने को हस्त प्रक्षालन , ट्रेन को लौह पथ गामिनी बोलते हैं और यहां तक कहते हैं कि भोजन तो हमने लौह पथ गामिनी स्थल पर ही कर लिया था।

पंजाब के साहनेवाल से मायानगरी मुंबई पहुंचे धर्मेंद्र को आज की पीढी भले ही ‘ही मैन’ के रूप में जानती हो लेकिन अभिनय की बुलंदियों को तो उन्होंने कैरियर के शुरूआती दौर में अपने शालीन, गरिमामय और दमदार अभिव्यक्ति से भरपूर इन किरदारों के दम पर छू लिया था। हिन्दी सिनेमा के इतिहास की कालजयी रचनाओं के ये किरदार भी स्वर्णिम विरासत का हिस्सा रहेंगे।

News- PTI 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *